Monday, February 26, 2018

मृत्यु संस्कार है – कौतुहल का विषय नहीं

बहुत दिनों से मन की कलम चली नहीं, मन में चिंतन चलता रहा कि लेखन क्यों? लेखन स्वयं की वेदना के लिये या दूसरों की वेदना को अपनी संवेदना बनाने के लिये। मेरी वेदना के लेखन का औचित्य ही क्या है लेकिन यदि कोई ऐसी वेदना समाज की हो या देश की हो तब वह वेदना लेखक की संवेदना बन जाए और उसकी कलम से शब्द बनकर बह निकले तभी लेखन सार्थक है। कई बार हम अपनी वेदनाओं में घिर जाते हैं, लगता है सारे संसार का दुख हम ही में समा गया है लेकिन जैसे ही समाज के किसी अन्य सदस्य का दुख दिखायी देता है तब उसके समक्ष हमारा दुख गौण हो जाता है, बस तभी लेखन का औचित्य है। जन्म-मृत्यु, सुख-दुख हमारे जीवन के अंग हैं, लेकिन ऐसे दुख जो समाज की बेबसी को दर्शाए या समाज के मौन को सार्वजनिक करे तब लेखन का औचित्य बनता है। मैं अपने आप में उलझी थी इसलिये चुप थी लेकिन जब मैं उलझी थी तो दुनिया तो चलायमान थी और घटना-दर-घटना भी घटित होती रही। कई परिचितों के घर मृत्यु ने दस्तक भी दे दी और मैं उस वेदना को अपने अन्दर अनुभव भी करती रही लेकिन साक्षात सांत्वना देने में असमर्थ रही। कल मृत्यु का प्रचार और वैभव भी देखा, तब ध्यान आया कि मृत्यु तो हमारे यहाँ एक संस्कार है। हम 12 दिन तक परिवार सहित मृतक का स्मरण करते हैं और उसकी सद्गति के लिये प्रार्थना करते हैं। लेकिन किसी की मृत्यु भी प्रचार का साधन बन जाए और समाज को वशीकरण मंत्र के आगोश में लेने का रात-दिन काम किया जाए तो कलम चलने का औचित्य समझ आने लगता है।
जो लोग अपने पैतृक गाँव से जुड़े हैं और मृत्यु के समय अपनी ही मिट्टी में विलीन होना चाहते हैं, वे वास्तव में मृत्यु को संस्कार के रूप में मानते हैं। अपने वैभव के प्रदर्शन से दूर, केवल परिवारजनों के साथ मृत्यु संस्कार को साकार करने वाले लोग समाज को मार्ग दिखाते हैं और तब लेखन का औचित्य मुझे समझ आता है। मेरे आत्मीय परिसर में ऐसी ही एक मृत्यु हुई, गाँव की मिट्टी में ही पंच तत्व को विलीन किया गया और पूरे 12 दिन  गाँव में रहकर ही सारे संस्कार किये गये। समाज को एक संदेश गया कि मृत्यु प्रचार का साधन नहीं है अपितु साधना है, हमारे लिये एक संस्कार है। कल से मृत्यु का प्रचार भी देखने को मिल रहा है, भावनाएं भुनाने का प्रयास भी हो रहा है, होड़ सी मची है, लोग पता नहीं क्या-क्या जानना चाहते हैं और लोगों को क्या-क्या बताना है, इस बात की होड़ लगी है। मृत्यु किसी की भी हो, परिवार के लिये दुखद होती है लेकिन किसी प्रसिद्ध व्यक्तित्व की मृत्यु समाज के लिये दुखद कम और कौतुहल का साधन अधिक बन जाती है, इसी कौतुहल को मीडिया प्रचार का साधन बना देता है और दुकानदारी सजा देता है। तब मृत्यु, संस्कार नहीं रह जाती अपितु उसमें भी व्यापार दिखने लगता है। भारत में मृत्यु एक संस्कार है और इसका स्वरूप बना रहना चाहिये। सारा देश किसी की मृत्यु से दुखी है तो उन्हें भी सूतक का पालन करना चाहिये और शोक रखना चाहिये ना कि उस मृत्यु को कौतुहल का विषय बनाकर अपनी दुकानें सजानी चाहिये।

मेरा सभी को नमन। 

Friday, February 9, 2018

कुछ नहीं होने का सुख

जिन्दगी भर लगे रहे कि कुछ बन जाए, अपना भी नाम हो, सम्मान हो। लेकिन अब पूरी शिद्दत से मन कर रहा है कि हम कुछ नहीं है का सुख भोगें। जितने पंख हमने अपने शरीर पर चिपका या उगा लिये हैं, उन्हें एक-एक कर उखाड़ने और कतरने का मन है। कभी पढ़ाई की, कभी नौकरी की, कभी सामाजिक कार्य किये, कभी लेखन किया और सभी से लेकर न जाने कितने पंख अपने शरीर में लगा लिये। हम यह है और वह हैं, हमारी पहुँच यहाँ तक है और वहाँ तक है! परत दर परत हम पर चढ़ती गयी और हम हमारे वास्तविक स्वरूप से दूर होते गये। हमारे अंदर का प्रेम न जाने कहाँ और कब रीत गया, बस हमें दूसरों से सम्मान मिले यही चाहत बसकर रह गयी। लेकिन अब समझ आने लगा है कि यह सम्मान कल्पना है जैसे हमने स्वर्ग और नरक की कल्पना कर ली है वैसे ही ये सम्मान भी होते हैं, बस एक छलावा और कुछ नहीं। हम खुद से दूर होते चले जाते हैं, हमारे अन्दर कितना कुछ है, खुद को देने के लिये यह भूल जाते हैं और बस दूसरों से पाना ही चाहत बन जाती है। मैं अपने आपको खोद रही हूँ और न जाने कितनी संवेदनाएं अन्दर छिपी हैं उनसे साक्षात्कार हो रहा है। कभी यूरोप में प्रतिदिन स्नान का चलन नहीं था, सर्दी जो थी लेकिन शरीर चाहिये था खुशबूदार तो वहाँ परफ्यूम का चलन बन गया। कितने परफ्यूम आए पेरिस से बनकर और हम सबने उपयोग किये लेकिन किसी ने अपने शरीर की वास्तविक गंध को नहीं जाना, मैं उसी वास्तविक गंध को पाने की कोशिश कर रही हूँ। कभी जेवर से कभी कपड़ों से शरीर को सुसज्जित करते हैं लेकिन शरीर की सुन्दरता कितनी है यह देखने का अवसर ही नहीं मिलता बस जेवर पहनकर आइने के सामने देखते हैं कि जेवर में हमारा शरीर कैसा लग रहा है!
हमारे मन में क्या है, इसे हमने लाख तालों में बन्द कर लिया है, ऊपर इतने आवरण है कि हम जान ही नहीं पा रहे हैं कि हमारे मन में क्या है? तालाब के पानी में इतना कचरा डाल दिया है कि अन्दर का निर्मल जल ऊपर से दिखायी ही नहीं दे रहा है। कभी कचरे को हटाने का मन होता भी है तो मुठ्ठीभर कचरा हटाते हैं और फिर प्रमाद आकर घेर लेता है। जब हमारे अन्दर की आत्मीयता कुन्द होने लगती है तब प्रेम की ज्योति कहीं बुझ जाती है और तब मन में संवेदना जन्म लेती है। यह संवेदना दिखती नहीं है लेकिन जैसे ही परिस्थिति या किसी दृश्य का निर्माण होता है, संवेदना जागृत होती है और आँखों के रास्ते  बह निकलती है। आपने देखा होगा कि कुछ लोग बात-बात में रो देते हैं, हम कहते हैं कि भावुक व्यक्ति है। लेकिन भावुकता के और अन्दर जाइए, कहीं न कहीं रिश्तों में आत्मीयता की कमी और मन के ऊपर आवरणों की  भरमार होगी। फिल्म या सीरीयल देखते हुए हमें किस बात पर रोना आता है, पड़ताल कीजिए, हमारा बिछोह वहीं है। जानिये उस दर्द को और उस आत्मीयता को वापस पाने की कोशिश कीजिए, अपार संतुष्टि मिलेगी लेकिन अक्सर यह सम्भव होता नहीं है। क्योंकि आत्मीयता अकेले से नहीं होती यह दोनों पक्षों का मामला है, लेकिन यदि हमें अपने मन का पता लग गया तो कहीं न कहीं रास्ते भी निकल ही आएंगे। एक रास्ता ना मिला तो दूसरा कोई मार्ग जरूर दिखायी देगा। इसलिये मन को जरूर उजला करने का प्रयास करना चाहिये।

हमारा मन किन तत्वों से बना है, हम क्या चाहते हैं, यह कभी जानने का प्रयास ही नहीं किया बस दुनिया में किसे सम्मान मिलता है, वही बनने का प्रयास करते रहे। अपने मन की चाहत को पीछे धकेल दिया और दुनिया की चाहत को आगे कर लिया। यदि मन की की होती तो आज मन को खोजना नहीं पड़ता, पहले तो मन को दूसरों की चाहत के नीचे दबा दिया और अब उसे खोजने का प्रयास कर रही हूँ। आप भी झांक लें, यदि मौका मिल जाए तो कि क्या बनना हमारे जीवन का सत्य था और हम क्या बन  गये हैं। एक खोखला जीवन जी रहे हैं, जिसमें कोई पैसे के पीछे भाग रहा है, कोई सत्ता के पीछे और कोई सम्मान के पीछे। काम कोई नहीं कर रहा है, बस खुद को काम की आड़ में कुछ पाने का जरिया बना लिया है। यदि कुछ पाने का नजरिया बदल जाएगा तो काम में आनन्द आ जाएगा, हर चीज में नफा-नुक्सान ढूंढने पर काम ही बोझ बन गया है। इसलिये मैं प्रयास कर रही हूँ कि मेरा अस्तित्व ही विलीन हो जाए और मैं अपने मन की थाह पा जाऊँ। बस कुछ नहीं होने का सुख पा जाऊँ। अपनी आत्मीयता वापस पा जाऊँ और अपनी संवेदना को जान पाऊँ। 

Monday, February 5, 2018

अकेली विदाई

आप सभी को पता है कि मैं अभी अमेरिका जाकर आयी हूँ और कारण भी पता है कि पुत्रवधु को पुत्र हुआ था इसलिये जाना हुआ था। लेकिन जैसे ही अमेरिका की टिकट कटाने की बात कहीं भी चलती है, हर आदमी पूछ लेता है कि जापा कराने जा रहे हो क्या? यदि हवाई यात्रा में जाने वालों और आने वालों से पूछा जाए तो आधे से अधिक का अमेरिका जाने का कारण यही जापा होगा। वहाँ चाहे कितना ही दुख देखना पड़े लेकिन भारतीय माता-पिता जाते अवश्य हैं। क्यों जाते हैं! वे परिवार में नव-आगन्तुक का स्वागत करने और पुत्रवधु को परिवार की अहिमयत बताने जाते हैं। लेकिन कठिनाई यह है कि अमेरिका वाले इस परिवार-भाव को नहीं मानते और कहते हैं कि इस कार्य के लिये अमेरिका क्यों आना? मुझसे भी इमिग्रेशन में पूछा गया कि क्यों आए हो? मैंने कहा कि बेटा है, इसलिये आना हुआ है। फिर दोबारा प्रश्न हुआ कि तो आना क्यों हुआ? मैंने फिर जोर देकर कहा कि बेटा है इसलिये ही आना हुआ। क्योंकि मुझे पता था कि वे इस कार्य के निमित्त आने वाले को पसन्द नहीं करते। वे कहते हैं कि हमारे यहाँ प्रसव की उत्तम सुविधा उपलब्ध है और इसमें किसी की भी सेवाओं की आवश्यकता कहाँ है? वे पति को पूरा दक्ष कर देते हैं। लेकिन अमेरिका में बसे बेटे को भी अपनी इज्जत का सवाल लगता है कि उसके घर से कोई आया और भारत में बैठे परिवारों को भी लगता है कि इस अवसर पर जरूर जाना चाहिये। नहीं तो परिवार का मायने ही क्या हैं? हम चाहे सात समन्दर दूर रहते हों लेकिन खून तो हमारा पुकारता ही है, हम नए परिवारजन को एक परिवार का पाठ पढ़ाने जाते हैं।  

4 फरवरी को उदयपुर के एक वृद्धाश्रम के बारे में अखबार में खबर छपी, एक दम्पत्ती ने बताया कि उन्होंने तीन साल से अपनी संतान से बात नहीं की है। अचरज भी हुआ और दुख भी। समाचार-पत्र ने वृद्धाश्रम की खबर तो छाप दी लेकिन जहाँ घर-घर में ऐसे ही वृद्धाश्रम बनते जा रहे हैं, उनकी शायद ही किसी ने खबर ली हो। एक तरफ हवाई जहाज में वृद्धों की भीड़ बढ़ती जा रही है और दूसरी तरफ वृद्धाश्रम में भी लोग अकेले रहने पर मजबूर हो रहे हैं, साथ ही शहर के अनेक घर भी वृद्ध-कुटीर में बदलते जा रहे हैं। परिवार टूट गये हैं, एकतरफा रिश्ता निभाया जा रहा है। एक पीढ़ी नये का स्वागत करने लाख दुख देखकर भी परदेस जाती है लेकिन दूसरी पीढ़ी अन्तिम विदाई के लिये भी आना जरूरी नहीं समझती। पहले और आज भी अधिकांश परिवारों में मृत्यु एक संस्कार माना जाता है और मृत व्यक्ति की आत्मा की शान्ति के लिये पूरा परिवार एकत्र होता है। दूर-दूर से रिश्तेदार आते हैं, एक पीढ़ी अपना सबकुछ देकर विदा होती है तो उसे विदा करने के लिये सब जुटते हैं। 12 दिन साथ रहते हैं और जो पीछे छूट गया है उसे अकेलेपन के अहसास से दूर रखने का प्रयास करते हैं। लेकिन अब कहा जाने लगा है कि जितना जल्दी हो काम खत्म करो और जो आ सके वह ठीक नहीं तो किसी को परेशान मत करो। जाने वाला ऐसे जाता है जैसे उसका कोई नहीं हो, उसने किसी संसार की रचना ही नहीं की हो। तभी तो वृद्धाश्रम में रह रहे एक व्यक्ति ने कहा कि जब अकेले ही रहना है तो विवाह ही क्यों करना और इसलिये मैंने विवाह किया ही नहीं था। वृद्धों की इस व्यथा को कैसे सुलझाया जाए? क्या वाकयी वृद्धाश्रम में जीवन है या फिर केवल मौत का इंतजार। अभी तो लोग नये का स्वागत कर रहे हैं कहीं ऐसा ना हो कि फिर नये का स्वागत भी बन्द हो जाए और सब अकेले हों जाएं! 

Sunday, February 4, 2018

एकला चलो रे

रवीन्द्र नाथ टैगोर ने हम सबको सिखा दिया कि – एकला चलो रे! हमें भी लगा कि बात तो ठीक है, दुनिया की किच-किच से अच्छा है एकला चलो रे। लेखन ही ऐसा माध्यम हमें समझ आया जिसमें एकला चलो रे, का उद्घोष हम कर सकते थे और फिर रवीन्द्र बाबू तो लेखक के नाते ही कहकर गये थे – एकला चलो रे। हमने मन बना लिया कि अब एकला चलो रे - ही को मंत्र बनाएंगे, लेकिन हम एकला तो एक कदम भी नहीं चल पाए। अपने लिखे को जब तक कोई पढ़े नहीं तब तक लिखने का फायदा क्या है? जैसे ही लोगों को  पता लगा कि हम लिखते हैं, लोग हमें खुशी-खुशी अपनी संस्था में स्वागत करने लगे, दो चार बार तो हमें ठीक लगा फिर देखा कि यहाँ तो हमारी पहचान भारतीयता और हिन्दुत्व को ही गरियाया जा रहा है, कुछ लोग गरिया रहे हैं, बाकि चुप है, हम अकेले कुलबुला रहे हैं। हमें रास नहीं आया, समूह में रहना, फिर वही मंत्र अपना लिया एकला चलो रे। तब तक सोशल मीडिया का जन्म  हो चुका था और हमने ब्लाग की राह पकड़ी। यहाँ भी तत्काल ही समूह बनने प्रारम्भ हुए और उनका भी वही मिजाज कि हिन्दुत्व को गरियाओ। हमें लगा कि ये तो हमें ही गरिया रहे हैं, हम फिर समूह से छिटक गए। उन दिनों फेसबुक का फैशन भी चल निकला था, हमने यहीं एकला चलो रे को साधने की सोची। लेकिन देखते क्या हैं कि जो लोग बाहर भारतीयता को गरिया रहे थे, वे यहाँ भी थे, लेकिन अन्तर इतना था कि एक दूसरा समूह भी था जो भारतीयता का समर्थन कर रहा था। हमने सोचा चलो लेखन जारी रह सकेंगा, लेकिन यहाँ भी पेच फंस गया। एक वर्ग भारतीयता को गिरयाने के एवज में सत्ता से टुकड़े पा रहा था तो दूसरे वर्ग को यह बात अखर रही थी। अब वे भी भारतीयता वाली सरकारों को धमकाने लगे थे, कि ऐसा करो तो हम तुम्हें माने नहीं तो तुम्हें गरियाएंगे। कुल मिलाकर बात यह थी कि वे  भी टुकड़ा मांग रहे थे।

जो वर्ग सालों से खाया-पीया था, उसे समझ आ गया कि इनको हमारे उपयोग में कैसे ले जिससे हमारी सरकारों की दुकानदारी वापस बनी रहे। वे कुछ भी सुरसुरी छोड़ देते और सबसे पहले यह हिन्दुत्ववादी शेर उस सुरसुरी को लपक लेते और एक सुर में हुँआ-हुँआ करने लगते। जब खूब शोर मचा लेते तब समझ आता कि हमने क्या किया! फिर चुप हो जाते। सामने वाले को खेल समझ आ गया और वे जहाँ भी चुनाव  होने होते, बस कोई न कोई जाल बिछा देते। हर प्रान्त में नया जाल, लेकिन मंशा एक। पंजाब, दिल्ली से लेकर गुजरात में यह  प्रयोग कर लिया गया। अब राजस्थान, मध्य-प्रदेश – छत्तीसगढ़ की बारी है, प्रयोग शुरू हो गया है। ऐसे में हमारा मंत्र एकला चलो रे वापस लौटने की जिद कर रहा है। लेकिन अकेले लेखन कैसे हो? सारी सोशल मीडिया पर तो अपनों के ही खिलाफ फतवा जारी किया हुआ है। कदम-कदम  पर छावनी बना दी गयी है, हम उसे ही अपना नेता मानेंगे जो हमें टुकड़े डालेगा। अब टुकड़े तो बड़े नेताओं को मिलेंगे लेकिन बेचारे छोटे कार्यकर्ता समझ ही नहीं पा रहे हैं कि इनका खेल क्या है? बड़े कब एक हो जाएंगे और सत्ता की मलाई खाएंगे। खैर जिसकी जो इच्छा हो वह करे, लोकतंत्र है, हम तो अपनी अलख जलाते रहेंगे। जिसे भी भारतीयता और हिन्दुत्व  याने खुद में स्वाभिमान दिखायी देता है, वह हमारे साथ आए, नहीं तो एकला चलो रे, का मंत्र तो साथ है ही। हम तो सामाजिक प्राणी है और समाज की ही बात करते हैं, इसलिये कभी भारतीयता की भी बात कर लेते हैं, देखते हैं हमारे साथ कौन आता है?